जामुड़िया: आगामी चुनावों के मद्देनजर जामुड़िया विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हरेराम सिंह ने अपना चुनावी घोषणापत्र (मैनीफेस्टो) जारी कर दिया है. इस घोषणापत्र में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, जल आपूर्ति और रोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दी गई है. हरेराम सिंह ने विकास के कई बड़े वादों के जरिए जामुड़िया की जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का संदेश दिया है.
पानी की समस्या का स्थायी समाधान: दूसरा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट
घोषणापत्र की सबसे बड़ी हाईलाइट जल आपूर्ति है. हरेराम सिंह ने वादा किया है कि जामुड़िया में दामोदर नदी के इनटेक से जुड़ा एक दूसरा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा.वर्तमान में क्षेत्र डमालिया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर निर्भर है.नए सिस्टम के आने से, यदि मुख्य प्लांट में कोई तकनीकी खराबी आती है, तब भी बिना किसी रुकावट के जनता को पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सकेगी.
सड़क, ड्रेनेज और बाढ़ नियंत्रण
ग्रामीण इलाकों के कनेक्टिविटी पर ध्यान देते हुए उन्होंने चुरुलिया, हिजलगोड़ा, बहादुरपुर और केंदा ग्राम पंचायतों की खदानों से सटे गांवों की मुख्य सड़कों को बेहतर बनाने का वादा किया. साथ ही बहादुरपुर ग्राम पंचायत में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा.बाढ़ की रोकथाम के लिए बांधों की मरम्मत और मॉडर्न स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया जाएगा.
रोजगार और सुरक्षा पर फोकस
स्थानीय युवाओं के लिए उम्मीदवार ने जामुड़िया के दर्जनों कारखानों में नौकरी के अवसर पक्के करने का आश्वासन दिया है. इसके अलावा, क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए एक नया फायर स्टेशन (दमकल केंद्र) बनाने का भी ऐलान किया गया है.
दरबारडांगा ब्रिज: बीरभूम और पश्चिम बर्दवान की बढ़ेगी नजदीकी
आर्थिक विकास के लिए दरबारडांगा ब्रिज का निर्माण उनके प्रमुख वादों में से एक है. यह ब्रिज माइनिंग एरिया को सीधे नेशनल हाईवे-19 से जोड़ेगा, जिससे कोयला ट्रांसपोर्टेशन सुगम होगा. साथ ही, यह पुल पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों के बीच के संपर्क को और अधिक मजबूत करेगा.
घोषणापत्र जारी करने के इस अवसर पर सुब्रतो अधिकारी, शेख शानदार, सिद्धार्थ राणा, प्रेमपाल सिंह, राखी कर्मकार, उदिप सिंह, दिनेश चक्रवर्ती, बबलू पोद्दार, अचिंतो मुखर्जी, सत्यनारायण रवानी और स्थानीय पार्षदों सहित टीएमसी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और समर्थक भारी संख्या में उपस्थित थे.


0 टिप्पणियाँ