जामुड़िया-ईसीएल के सातग्राम एरिया अंतर्गत कोपेक्स कॉलोनी में बिजली संकट को लेकर जन-आक्रोश फूट पड़ा. पिछले 6 दिनों से बिजली गुल होने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने दोपहर 1:00 बजे से ईसीएल कोपेक्स कॉलोनी क्वार्टर का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
भीषण गर्मी में बेहाल 400 परिवार
आंदोलनकारियों का आरोप है कि कॉलोनी के लगभग 400 से अधिक घरों में पिछले 6 दिनों से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप है. चिलचिलाती गर्मी और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी निवासियों का जीना मुहाल हो गया है.ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 50 वर्षों से ईसीएल अधिकारी उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति दे रहे थे, लेकिन अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी गई, जिससे वे असहाय हो गए हैं.
सरकारी बिजली का अभाव और ईसीएल पर निर्भरता
प्रदर्शनकारियों ने एक गंभीर समस्या की ओर इशारा करते हुए कहा कि क्षेत्र में राज्य सरकार के बिजली विभाग का कोई कनेक्शन नहीं है.जब भी कोई अन्य एजेंसी बिजली आपूर्ति के लिए आती है, तो उन्हें काम करने नहीं दिया जाता.लगातार शिकायतों के बावजूद ईसीएल प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया.स्थानीय कॉलोनी वासियों ने बताया कि दशकों से हमलों ईसीएल की बिजली पर निर्भर हैं. इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना असंभव है. बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो हमें घेराव करने पर मजबूर होना पड़ा.
बवाल की सूचना मिलते ही ईसीएल के सुरक्षाकर्मी और जामुड़िया थाने की श्रीपुर फाड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और जल्द ही बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया, हालांकि, निवासी ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे .



0 टिप्पणियाँ