रानीगंज : पूरे देश के साथ-साथ रानीगंज में भी रसोई गैस की आपूर्ति में आई कमी ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर में इंडेन और भारत गैस के उपभोक्ताओं को राहत है, लेकिन एचपी गैस के ग्राहकों को पिछले कई दिनों से सिलेंडर के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है. गैस एजेंसी की मनमानी और टालमटोल से नाराज होकर बुधवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने रानीगंज थाने का घेराव किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
रमजान के महीने में बढ़ी मुसीबत
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्तमान में पवित्र रमजान का महीना चल रहा है और लोग रोजे पर हैं. ऐसे समय में गैस की किल्लत ने रसोई का चूल्हा ठंडा कर दिया है, जिससे इफ्तार और सहरी की तैयारी में भारी परेशानी हो रही है.उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी के कर्मचारी उन्हें पिछले कई दिनों से गुमराह कर रहे हैं और सही जानकारी नहीं दे रहे हैं. उपभोक्ता प्रातः 4 -5 बजे से ही गैस सिलिंडर पाने के लिए चिलचिलाती धूप में खड़े रहने पर मजबूर हो रहे है,उनकी शिकायत है कि उनके मोबाइल में सिलिंडर डिलीवरी के मैसेज आने के बाद भी उन्हें डीलर सिलिंडर डिलीवरी नही दे रहे है,उनका आरोप है कि डीलर उनके हिस्से का सिलिंडर या तो ऊंचे दाम पर बेच दिया जा रहा है या होटलों में दे दिया जा रहा है.
चुनिंदा एजेंसियों पर ही संकट क्यों?
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब इंडेन और भारत गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है, तो केवल एचपी गैस के साथ ही यह समस्या क्यों आ रही है? लोगों को संदेह है कि इसके पीछे कृत्रिम किल्लत या जमाखोरी की साजिश हो सकती है.
बोरो चेयरमैन की चेतावनी: जमाखोरी पर होगी जेल
इस गंभीर मुद्दे पर बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा, रमजान के पाक महीने में लोगों का परेशान होना दुर्भाग्यपूर्ण है. एचपी गैस एजेंसी की लापरवाही की शिकायतें मिल रही हैं, जबकि अन्य एजेंसियां समय पर सिलेंडर पहुंचा रही हैं.उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच में कोई भी गैस एजेंसी सिलेंडर की जमाखोरी करती पाई गई, तो उसके खिलाफ पुलिस और प्रशासन कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया. हालांकि, उपभोक्ताओं ने साफ किया है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. हालांकि रोज एच पी डीलर के यहां प्रदर्शन, विवाद ,धक्का मुक्की होने तथा कई तरह के आरोपो के वावजूद डीलर मिलन कांति मंडल कुछ भी कहने से लगातार कतराते हैं.


0 टिप्पणियाँ