रानीगंज: कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच असहाय लोगों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से रानीगंज के राजा बांध इलाके में एक कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया.तृणमूल कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के पूर्व अध्यक्ष इंतखाब खान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की मदद की गई.
सुख-दुख में जनता के साथ है 'मां माटी मानुष' की सरकार: सोहराब अली
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रानीगंज के पूर्व विधायक सोहराब अली ने कंबल वितरण की सराहना करते हुए कहा कि "तृणमूल कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पदचिह्नों पर चलते हुए साल भर आम जनता की सेवा में जुटा रहता है.चाहे वह दुर्गा पूजा हो, ईद हो या कड़ाके की ठंड, हम हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़े रहते हैं. यही कारण है कि आज दीदी बंगाल के हर व्यक्ति के हृदय में निवास करती हैं.
370 लोगों के खिले चेहरे
अल्पसंख्यक सेल के पूर्व अध्यक्ष और कार्यक्रम के आयोजक इंतखाब खान ने जानकारी दी कि इस भीषण ठंड से बचाव के लिए क्षेत्र के लगभग 370 जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए हैं उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुँचाना है जिसे इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है.इस तरह के सामाजिक प्रयास पहले भी किए गए हैं और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे.
इस सेवा कार्य के दौरान पूर्व विधायक सोहराब अली के साथ शाहिद परवेज, रितु कौर, अल्पसंख्यक सेल के आफताब जलील, मोहम्मद मुसिब , शौकत खान, मोहम्मद इम्तियाज ,केशर हयात सहित भारी संख्या में स्थानीय निवासी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
कंबल पाकर बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त किया



0 टिप्पणियाँ