कोलकाता (पीबी टीवी) :पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्रीय जांच एजेंसियों के 'दुरुपयोग' के खिलाफ कोलकाता की सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। दक्षिण कोलकाता के जादवপুর 8B बस स्टैंड से शुरू हुआ यह विरोध मार्च हाजरा मोड़ पर जाकर समाप्त हुआ।
सितारों और वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा: मुख्यमंत्री के इस मार्च में न केवल राजनीति बल्कि मनोरंजन जगत की बड़ी हस्तियां भी शामिल हुईं। मार्च में टीएमसी सांसद सयानी घोष, विधायक जुन मालिया, और रचना बनर्जी ने हिस्सा लिया। पार्टी के दिग्गज नेता और अभिनेता देव व सोहम चक्रवर्ती भी मुख्यमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। इनके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता झंडे और पोस्टर लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से पिछले दिनों आई-पैक (I-PAC) कार्यालय और उसके निदेशक प्रतीक जैन के आवास पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के खिलाफ था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों के जरिए उनकी पार्टी की रणनीति और गोपनीय डेटा चोरी करने की कोशिश कर रही है। रैली के दौरान ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। वे हमारे चुनाव डेटा और रणनीति को लूटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बंगाल की जनता उन्हें करारा जवाब देगी। हम एजेंसियों के डर से झुकने वाले नहीं हैं।"
मुख्यमंत्री के मार्च के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जादवपुर से हाजरा तक के पूरे रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और कई जगहों पर यातायात को डायवर्ट किया गया। इस विरोध मार्च ने राज्य में चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ