विवेकानंद सेवा केंद्र आश्रम की भव्य शोभायात्रा ; साक्षरता मिशन ने किया कंबल वितरण व प्रतियोगिता का आयोजन
रानीगंज: युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर पूरा रानीगंज शहर स्वामी जी के आदर्शों और जयकारों से गुंजायमान रहा. शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और समाज सेवा के कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वामी जी को नमन किया गया.
आश्रम से निकली विशाल शोभायात्रा
रानीगंज स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र आश्रम (कुमार बाजार) की ओर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई.यह प्रभात फेरी आश्रम परिसर से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों—सीआर रोड, बड़ा बाजार और तिलक रोड से होते हुए वापस आश्रम पर संपन्न हुई. इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और अभिभावक शामिल हुए.
इस अवसर पर स्वामी सुब्रतानंद जी महाराज ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा की स्वामी विवेकानंद एक महान शब्द और विचार के रूप में हमारे बीच जीवित हैं, जिनके पदचिह्नों पर चलकर ही आधुनिक भारत का निर्माण हुआ है.आज के युवाओं को उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए.
साक्षरता मिशन द्वारा प्रतिभा सम्मान और सेवा कार्य
दूसरी ओर, साहिबगंज स्थित बसुमती शिशु उद्यान में स्वामी विवेकानंद साक्षरता मिशन की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत भी एक प्रभात फेरी से हुई जिसमें स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
प्रमुख गतिविधियां में बच्चों के लिए ड्राइंग, योग और नृत्य (डांस) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे कलाकारों को पुरस्कृत भी किया गया. जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया. कड़ाके की ठंड को देखते हुए लगभग 500 जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया गया
भविष्य में वृद्धाश्रम बनाने का संकल्प
संस्था के कोषाध्यक्ष विभास गांगुली ने बताया कि यह इस नवगठित संस्था का पहला बड़ा आयोजन था. उन्होंने अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि वे इसे और बड़े पैमाने पर आयोजित करना चाहते हैं और जल्द ही एक वृद्धाश्रम बनाने का लक्ष्य रखते हैं.वहीं संस्था की अध्यक्ष करबी गांगुली ने कहा कि स्वामी जी की जयंती पर इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे




0 टिप्पणियाँ