कोलकाता | पीबी टीवी: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को जान से मारने की धमकी देने वाला एक ई-मेल भेजे जाने से हड़कंप मच गया है। यह मामला गुरुवार देर रात सामने आया, जिसके बाद तत्काल केंद्रीय गृह मंत्रालय को इसकी सूचना दी गई। हालांकि, राज्यपाल ने इस धमकी को गंभीरता से लेने से इनकार कर दिया है।
राज्यपाल आनंद बोस ने साफ शब्दों में कहा,
“शुक्रवार को मैं बिना सुरक्षा के बाहर निकलूंगा। बंगाल के लोग मेरी रक्षा करेंगे।”
लोकभवन सूत्रों के अनुसार, गुरुवार देर रात एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें राज्यपाल को उड़ाने की बात कही गई थी। घटना सामने आते ही राजभवन में अफरा-तफरी मच गई। उसी रात राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने आपात बैठक की।
धमकी को देखते हुए राज्यपाल की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है तथा पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई है। साथ ही, यह ई-मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
लोकभवन की ओर से यह भी बताया गया है कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार राज्यपाल को धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।

0 टिप्पणियाँ