रानीगंज - नशे की लत इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसका ताजा उदाहरण रानीगंज में देखने को मिला. आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना पुलिस ने टीडीबी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. निपंकर हाजरा के घर ,बीते 10 दिसंबर को हुई बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने स्वीकार किया कि वे केवल मादक पदार्थों की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
इलाज कराने दक्षिण भारत गए थे पूर्व प्राचार्य
शनिवार को रानीगंज थाना परिसर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान थाना प्रभारी विकास दत्त ने बताया कि घटना 10 दिसंबर की है. स्कूलपाड़ा निवासी डॉ. निपंकर हाजरा अपने इलाज के सिलसिले में दक्षिण भारत गए हुए थे.जब वे वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे मिले और कीमती सामान गायब था. डॉ. हाजरा की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की.
एक लावारिस मोटरसाइकिल से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस की 'पीसी पार्टी' को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल मिली, जो एक महिला के नाम पर पंजीकृत थी. जब खंगाला गया तो पता चला कि उस महिला का बेटा एक कुख्यात अपराधी है. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आसनसोल के रेलपार इलाके से दो आरोपियों मोहम्मद आसिफ अंसारी और मोहम्मद जहियुद्दीन उर्फ टिपू को धर दबोचा.
पुलिस ने आरोपियों को चार दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के गहने और 45,130 रुपये नकद बरामद किए गए. थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की गई कुल नकदी का एक बड़ा हिस्सा आरोपियों ने पहले ही ड्रग्स खरीदने में खर्च कर दिया था. वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है.अपराधियों ने बताया कि हम छोड़ना चाहते थे अपराध, पर नशे ने मजबूर किया अदालत ले जाते समय आरोपियों के चेहरे पर कोई पछतावा तो नहीं दिखा, लेकिन उनके बयानों ने समाज की एक कड़वी सच्चाई उजागर की. आरोपियों ने पुलिस और मीडिया के सामने दावा किया कि वे चोरी की राह छोड़ना चाहते थे, लेकिन नशे की लत उन्हें बार-बार अपराध के दलदल में धकेल देती है.
इस सफल अभियान में रानीगंज थाने के दो अधिकारियों की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने साक्ष्यों और तकनीकी सहायता से अपराधियों तक पहुँचने में सफलता पाई. डॉ. हाजरा के घर हुई इस चोरी के खुलासे के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस की तत्परता पर संतोष व्यक्त किया है.



0 टिप्पणियाँ