'शून्य पर है बंगाल का औद्योगीकरण, केवल वामपंथ ही दिखा सकता है सही दिशा'— रानीगंज में गरजे अमल हालदार
रानीगंज: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) पश्चिम बर्धमान जिला समिति की ओर से सोमवार को स्वतंत्रता सेनानी और श्रमिक आंदोलन के प्रखर नेता दिवंगत कॉमरेड रॉबिन सेन की 31वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. रानीगंज के बल्लभपुर पेपर मिल मजदूर यूनियन कार्यालय परिसर में आयोजित इस स्मरण समावेश में वामपंथी नेताओं ने राज्य की वर्तमान औद्योगिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कॉमरेड रॉबिन सेन के आदर्शों को प्रासंगिक बताया.
स्मृति में अर्पित की श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड रॉबिन सेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दो मिनट के मौन के साथ हुई. पार्टी के वरिष्ठ नेता अमल हालदार, गौरांग चटर्जी, पूर्व विधायक रुनु दत्ता , जहानारा खान तापस कवि सहित कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. दुनिया के मजदूरों एक हो के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
मोदी और ममता सरकार पर तीखा प्रहार
सभा के मुख्य वक्ता, कृषक सभा की केंद्रीय समिति के सदस्य अमल हालदार ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस को जमकर घेरा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिंगूर दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा, "कल प्रधानमंत्री सिंगूर आए थे, लोगों को उम्मीद थी कि वे कारखाने को लेकर कुछ ठोस कहेंगे, लेकिन उनके पास औद्योगीकरण को लेकर कोई निश्चित धारणा ही नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि आज पश्चिम बंगाल में औद्योगीकरण अपने सबसे निचले स्तर पर है. तृणमूल और भाजपा दोनों की नीतियां पूंजीपतियों के सामने नतमस्तक होने वाली हैं.ऐसे समय में कॉमरेड रॉबिन सेन के संघर्षों को याद करना बेहद जरूरी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन शोषितों और वंचितों के हक के लिए समर्पित कर दिया.
सीपीएम ही असली विकल्प: वक्ता
पूर्व विधायक रुनु दत्ता और जहानारा खान ने कहा कि वर्तमान सरकारें अवसरवादी हैं.आज बंगाल में सीपीएम ही एकमात्र ऐसी शक्ति है जो जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है.नेताओं ने जोर दिया कि भविष्य में भी पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी.
स्मरण सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया, जिससे आने वाले दिनों में औद्योगिक मुद्दों पर बड़े आंदोलन के संकेत मिले हैं.


0 टिप्पणियाँ