ममता बनर्जी के जन्मदिन पर केक काटकर कार्यकर्ताओं ने लिया जीत का संकल्प, घर-घर जाकर बांटा रिपोर्ट कार्ड
जामुड़िया-पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में जामुड़िया बोरो-1 के अंतर्गत एबी पिट इलाके के वार्ड संख्या पांच में 'बंगाल उन्नयन पांचाली' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान के जरिए ममता सरकार के पिछले 15 वर्षों (2011-2025) की उपलब्धियों और विकास कार्यों को एक 'पांचाली' (पारंपरिक स्तुति) के रूप में जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री का जन्मदिन और नए सदस्यों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत टीएमसी पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाकर की गई. कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अपनी नेता की लंबी आयु की कामना की. इस अवसर पर पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कई नए लोगों ने टीएमसी का झंडा थामा. साथ ही, बीएलओ के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विकास का रिपोर्ट कार्ड: 'पांचाली' के जरिए संवाद
जिला सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूरे इलाके का दौरा किया.इस दौरान महिलाओं ने मुख्य भूमिका निभाते हुए घर-घर जाकर सरकार की 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं का विवरण दिया. पारंपरिक सांस्कृतिक माध्यम 'पांचाली' के जरिए विकास की कहानियों को साझा किया गया, जिसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया.
भाजपा पर तीखा हमला: "हिम्मत है तो रिपोर्ट कार्ड दिखाए केंद्र"
मीडिया से मुखातिब होते हुए जिला सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा की पूरे देश में केवल तृणमूल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जिसमें चुनाव से पहले जनता के सामने अपना 'रिपोर्ट कार्ड' पेश करने की हिम्मत है.भाजपा पिछले 11 वर्षों से केंद्र में है, लेकिन उसने कभी अपने कार्यों का हिसाब नहीं दिया क्योंकि उन्होंने विकास के नाम पर कुछ किया ही नहीं.
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते क्योंकि वे सवालों से डरते हैं. बाउरी ने दावा किया कि भाजपा केवल सांप्रदायिक राजनीति करती है, जबकि ममता बनर्जी की योजनाएं जाति और धर्म से ऊपर उठकर हर गरीब तक पहुंच रही हैं.
इस कार्यक्रम में तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक-2 के अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, युवा ब्लॉक-1 अध्यक्ष मृदुल चक्रवर्ती, महिला ब्लॉक-1 अध्यक्ष राखी कर्मकार, आईएनटीटीयूसी अध्यक्ष अचिन्तो मुखर्जी, स्थानीय पार्षद बंधना रुईदास, सनी चक्रवर्ती, सुभाष पाल, उमेश यादव, शंकर यादव, अमर मंडल, विष्णुदेव राम और आशिकी पासवान सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


0 टिप्पणियाँ