दक्षिण 24 परगना (पीबी टीवी ) दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित महेशतला नगर पालिका में काफी दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है. महेशतला में देर रात घर के अंदर से एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ है. इस मामले में बेटे को गिरफ्तार किया गया गया है, सवाल उठ रहा है कि क्या बेटे ने माँ की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की!
घटना महेशतला नगर पालिका के वार्ड संख्या 35 के सारेंगाबाद चंडीतला इलाके में हुई है। माँ बिजली घोष (70) और बेटा संजय घोष (50) चंडीतला इलाके में अपने घर में रहते थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेटा संजय घोष मानसिक रूप से विक्षिप्त है। संजय ने कुछ दिन पहले अपनी माँ के साथ मारपीट की थी। सुबह से ही स्थानीय लोगों को सड़ी हुई गंध आने लगी थी। शाम को स्थानीय लोगों ने अचानक घर के अंदर से रहस्यमय तरीके से धुआँ निकलते देखा। इसके बाद दमकल विभाग और महेशतला पुलिस स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद महेशतला थाने से एक दमकल गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस जब घर पहुँची, तो उन्होंने घर का दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और माँ बिजली घोष को जलता हुआ पाया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाया, और महिला को अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेशतला थाने की पुलिस ने बेटे संजय घोष को घर के अंदर से गिरफ्तार कर लिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मां विजय घोष पिछले तीन-चार दिनों से नहीं दिखी थीं। तो क्या बेटे ने बिजली घोष की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की? यह रहस्य गहराता जा रहा है।
पुलिस बेटे को गिरफ्तार कर थाने ले गई है, साथ ही अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महेशतला थाने की पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है।

0 टिप्पणियाँ