रानीगंज के मेधावी छात्र पलकित लोहिया ने शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर से अर्थशास्त्र में पाँच वर्षीय समेकित विज्ञान निष्णात (एम.एससी.) उपाधि प्राप्त करने वाले पलकित को "डॉ. ज्ञान चंद्र घोष स्मृति स्वर्ण पदक" से सम्मानित किया गया है।
यह स्वर्ण पदक संस्थान द्वारा उन विद्यार्थियों को प्रदान किया जाता है, जो द्वै-उपाधि एवं पाँच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रमों में सर्वांगीण श्रेष्ठता, नेतृत्व क्षमता तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर सर्वोत्तम घोषित किए जाते हैं।
पलकित लोहिया, रानीगंज के व्यवसायी पुत्र विमल कुमार लोहिया को यह सम्मान शैक्षणिक वर्ष 2023-2024 के लिए प्रदान किया गया है। यह सम्मान संस्थान के अभिषद् की अनुशंसा और शासी मंडल की स्वीकृति के पश्चात, 30 दिसंबर 2024 को संस्थान की आधिकारिक मुहर सहित प्रदान किया गया।
रानीगंज क्षेत्र में पलकित की इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व की लहर है। स्थानीय लोगों और शैक्षणिक संस्थानों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस सफलता को प्रेरणादायक बताया है।



0 टिप्पणियाँ