रानीगंज - श्री शक्ति धाम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में नवरात्रि के पावन अवसर पर रानीगंज में निर्माणाधीन शक्ति स्थल पर नौ दिवसीय भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. इस भक्तिमय कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक जय राम पांडे और विवेक बगेड़िया ने अपनी मधुर वाणी से उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया
कार्यक्रम के दौरान जय राम पांडे ने "माता जिनको याद करे वह किस्मत वाले होते हैं" और "तुम ना सुनोगे तो कौन सुनेगा" जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे भक्तगण भक्ति की धारा में बहते चले गए. विवेक बगेड़िया ने भी अपने सुमधुर भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
संयोजन समिति के अध्यक्ष पवन बागड़िया ने इस अवसर पर जानकारी दी कि शक्ति स्थल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जहाँ माँ श्री शाकंभरी, श्री जीण भवानी और श्री पाली सती दादी का दिव्य दरबार स्थापित किया जाएगा. उन्होंने इस भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की.
संयोजन समिति के सदस्य राजेश खेड़िया ने बताया कि नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में माँ शक्ति के उपासकों के लिए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है. इन अनुष्ठानों में तीनों सती माताओं के मंगल पाठ का विशेष रूप से आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं.
राजेश खेरिया ने यह भी जानकारी दी कि नवरात्रि के प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्वक आगमन हो रहा है. सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिनों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं.
शैलेश खैतान ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की भूमि पर यह पहला ऐसा शक्ति स्थल होगा, जहाँ एक साथ श्री पाली सती दादी, श्री शाकंभरी माता और श्री जीण माता के भव्य मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है.उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्थान जल्द ही भक्तों के लिए एक प्रमुख श्रद्धा केंद्र के रूप में विकसित होगा
यह भव्य नवरात्रि महोत्सव रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों के भक्तों के बीच अटूट श्रद्धा और गहरी भक्ति का जीवंत केंद्र बना हुआ है.


0 टिप्पणियाँ