जामुड़िया: जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिंचुरिया पंचायत अंतर्गत डंगालपाड़ा इलाके में बुधवार को बालू ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के आवागमन को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर बालू लदे ट्रकों को रोक दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया.विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों और बालू माफिया के समर्थकों के बीच झड़प हो गई.इस झड़प में मेनका गोप नामक एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं.उन्हें इलाज के लिए बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. खबर पाकर पश्चिम बंगाल ग्वाला समाज के अध्यक्ष नयन गोप के घटनास्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों के एक वर्ग ने उन पर डंगालपाड़ा को दो भागों में बांटने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ ही नारेबाजी की.हालांकि तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने नयन गोप को सुरक्षित निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया.
ग्रामीणों का आरोप है कि अजय नदी के डरबारडांगा बालू घाट से अवैध रूप से बालू निकाला जा रहा है.बालू लदे ट्रक ग्रामीण सड़कों से गुजर रहे हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं.ग्रामीणों ने इसे खुली लूट बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में बहुत सारे स्कूल हैं, बालू लदे ट्रकों के चलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे बच्चों की जान को खतरा है.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करने और यातायात सुचारू रूप से बहाल करने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने बताया कि ग्वाला समाज द्वारा फरवरी महीने में भी इस मुद्दे को लेकर ब्लॉक कार्यालय से लेकर जिला कार्यालय तक लिखित शिकायतें दी गई थीं.हालांकि, अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है.
वहीं जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के सह संयोजक गौतम मंडल ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डरबारडांगा घाट से बालू का उत्खनन हो रहा है, इसलिए इस इलाके से बालू ट्रकों का परिचालन नहीं होना चाहिए.उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और प्रशासन की मिलीभगत से अवैध बालू का कारोबार चल रहा है.पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया.पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.

0 टिप्पणियाँ