बाँकुडा: छातना थाना क्षेत्र के झांटी पहाड़ी इलाके के एक युवक के साथ ऑनलाइन गाड़ी बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवक ने अपनी कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था, जिसके बाद कोलकाता का एक व्यक्ति उससे संपर्क किया।
पीड़ित युवक ने बताया कि उसने अपनी कार बेचने के लिए एक विज्ञापन दिया था। इस विज्ञापन को देखकर कोलकाता का एक व्यक्ति उससे संपर्क किया और कार खरीदने की इच्छा जताई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई और तय हुआ कि खरीददार अपना प्रतिनिधि बाँकुडा भेजेगा। खरीददार के प्रतिनिधि ने एक निश्चित राशि का डिमांड ड्राफ्ट लेकर कार ले जाने के लिए बाँकुडा आया। हालांकि, जब विक्रेता युवक ने यह डिमांड ड्राफ्ट झांटीपाहाड़ी स्थित यूको बैंक में जमा करवाया तो पता चला कि यह ड्राफ्ट फर्जी है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित युवक ने छातना थाना के झांटी पहाड़ी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोलकाता से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का नाम सलिम शेख (40) है। पुलिस ने उसे कोलकाता के दत्तपुकुर इलाके से कार सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। आरोपी को बाँकुरा जिला अदालत में पेश किया गया है।

0 टिप्पणियाँ