जामुड़िया: जामुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में थाना क्षेत्र के सभी बैंक अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे.
बैठक में एसीपी सेंट्रल टु बिमान कुमार मिर्धा ने कहा कि थाना क्षेत्र में कुल 21 सरकारी और गैर-सरकारी बैंक हैं.इन सभी बैंकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस के साथ-साथ बैंक अधिकारियों की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों से अपील की कि वे पुलिस के साथ मिलकर निजी सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति करें और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को और अधिक सख्त बनाएं.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बैंक अधिकारी बैंक की छुट्टियों की सूचना पहले से ही थाना को दे दें ताकि पुलिस आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कर सके.इस बैठक में एसीपी सेंट्रल टु बिमान कुमार मिर्धा,सीआई सुशांतो चटर्जी,जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेन्द्र नाथ ठाकुर,मेजोबाबु एस भट्टाचार्य,एएसआई सेकत धीवर,जामुड़िया थाना क्षेत्र के सभी बैंक अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक के पश्चात बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबन्धक पी के श्रीवास्तव ने कहा कि बैंकों में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं को देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है. इस बैठक से बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी और लोगों का पैसा सुरक्षित रहेगा.


0 टिप्पणियाँ