जामुड़िया: ईसीएल के केंदा एरिया के छोरा सात नंबर कोलियरी स्थित नोनिया पाड़ा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। रविवार देर रात एक छाई लदा हाइवा डंपर सड़क किनारे स्थित हीरा नोनिया के घर पर पलट गया.
हादसे में घर की दीवार के साथ-साथ डीवीसी का पाइपलाइन, बीएसएनएल का पोल और नाली बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.घर के दूसरे कमरे में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए.
आवागमन बाधित
हादसे के कारण चिचुड़िया मोड से बहुला साइडिंग जाने वाला मुख्य मार्ग कई घंटों तक जाम रहा. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई.
ईसीएल की लापरवाही का आरोप
स्थानीय निवासी और भाजपा नेता रवींद्र यादव ने बताया कि ईसीएल द्वारा बंद पड़े नॉर्थ जामबाद ओसीपी की भराई के लिए छाई का ट्रांसपोर्टिंग किया जा रहा था, जिसके दौरान यह हादसा हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीएल द्वारा ओवरलोड छाई का ट्रांसपोर्टिंग जनबहुल् इलाके से किया जा रहा है और सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं किया जाता है, जिससे धूल उड़ने से लोगों को काफी परेशानी होती है.
प्रशासन का ध्यान आकर्षित
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और ईसीएल की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की जाए.


0 टिप्पणियाँ