जामुड़िया 18 नवंबर 2024: जामुड़िया मंडल-1 के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जय गणेश सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बालू का खनन किया जा रहा है और प्रशासन इस अवैध गतिविधि में शामिल माफियाओं का समर्थन कर रहा है.अजय नदी के वीर कुल्टी, देशेर मोहन घाट से अवैज्ञानिक तरीके से अवैध तरीके से बालू निकाली जा रही है.
श्री सिंह ने ब्लॉक लैंड एंड रिवेन्यू ऑफिसर, जामुड़िया पश्चिम बर्धमान को लिखे एक ज्ञापन पत्र में आरोप लगाया है कि अजय नदी के विभिन्न घाटों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर बालू का खनन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस अवैध गतिविधि से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है,भारी वाहनों से रास्ते खराब हो रहे हैं.
सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. बालू माफियाओं ने नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा कर लिया है और नदी के प्रवाह को बाधित कर दिया है. इस मामले में प्रशासन की मिलीभगत स्पष्ट है.
उन्होंने मांग की है कि प्रशासन अवैध बालू खनन को तुरंत रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करे और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. यदि प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होंगे.


0 टिप्पणियाँ