कोलकाता (पीबी टीवी) -केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रविवार को कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश भूमि सीमा क्रासिंग पर नवनिर्मित यात्री टर्मिनल और कार्गो गेट का उद्घाटन करेंगे. अमित शाह शनिवार रात लगभग 1:00 बजे अमित शाह कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे जहां बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, निशीथ प्रामाणिक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया. उनके स्वागत के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भरी भीड़ उपस्थित थी. आपको बता दें यह नया टर्मिनल और माल गेट भारत-बांग्लादेश के बीच व्यापार और यात्री सुविधाओं को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. यह भूमि बंदरगाह पहले से ही दोनों देशों के बीच 70 प्रतिशत भूमि-आधारित व्यापार का मुख्य मार्ग है और हर साल लगभग 23.5 लाख यात्रियों के आवागमन को सहज बनाता है.
नया यात्री टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें वीआईपी लाउंज, ड्यूटी-फ्री दुकानें, मेडिकल सुविधाएं, बच्चों के लिए विशेष कक्ष और खाद्य एवं पेय आउटलेट जैसी अत्याधुनिक सेवाएं शामिल हैं. इस टर्मिनल की यात्री क्षमता प्रतिदिन 20 हजार यात्रियों की है, जहां इमिग्रेशन, कस्टम्स और सुरक्षा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी.इस टर्मिनल का कुल निर्मित क्षेत्र 59 हजार 800 वर्ग मीटर में फैला है और इसमें स्वचालित एंट्री और एग्जिट प्रणाली के साथ फ्लैप बैरियर का उपयोग किया गया है.
इसके साथ ही, ‘मित्रता द्वार’ नामक संयुक्त माल गेट का निर्माण भारत और बांग्लादेश के व्यापारिक संबंधों को नया आयाम देने के उद्देश्य से किया गया है. इस गेट का शिलान्यास 9 मई, 2023 को अमित शाह ने किया था, जो अब बनकर तैयार हो चुका है.यह गेट प्रतिदिन 600 से 700 ट्रकों के आवागमन को तेज और सरल बनाएगा. स्वचालित नंबर प्लेट मान्यता, बूम बैरियर, चेहरे की पहचान वाले कैमरे और नियंत्रित प्रवेश एवं निकासी बिंदुओं जैसी सुविधाएं इस गेट को विशेष बनाती हैं.
भारत का भूमि बंदरगाह प्राधिकरण इस टर्मिनल और गेट का संचालन करेगा, जिससे भारत और दक्षिण एशियाई देशों के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी. इस परियोजना से न केवल भारत-बांग्लादेश यात्रा अनुभव को सुधारा जाएगा, बल्कि इसे एशिया के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।गृह मंत्री इसके बाद हुगली जिले के आरामबाग भी जाएंगे, जहां सहकारिता विभाग के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.रविवार को शाह कोलकाता के साल्टलेक इलाके में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने इस बार बंगाल में एक करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है. अन्य राज्यों में सदस्यता अभियान शुरू हो गया है लेकिन आरजी कर कांड के कारण बंगाल में शुरू नहीं हो सका था.

0 टिप्पणियाँ