जामुड़िया-अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज के आसनसोल शाखा द्वारा रविवार को जामुड़िया के श्रीपुर मोड़ स्थित गूंजन पार्क में वन भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां इस समाज के तमाम सदस्य उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान जामुड़िया के विधायक तथा समाज के संरक्षक हरेराम सिंह ने कहा कि पूरे शिल्पांचल को शिल्पांचल बनाने में क्षत्रिय समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है,किन्हीं कारणों से यहां के क्षत्रिय समाज के लोगों में एकजुटता नहीं थी, लेकिन इस वनभोज में आकर क्षत्रिय समाज एकजुटता परिलक्षित हो रही है. उन्होंने इस एकता को और मजबूत करने का आह्वान किया.हरेराम सिंह ने इस मौके पर ऐलान किया कि जल्द ही समाज का अपना कार्यालय होगा, इसके अलावा जल्द ही महाराणा प्रताप की मूर्ति लगायी जायेगी. उन्होंने बताया कि यह दोनों कार्य उनका वर्षों का सपना है. अपने सपने को साकार कर शिल्पांचल में रहने वाले क्षत्रिय समाज के लोगों को एक उपहार देंगे.इसके साथ ही विधायक ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिंदी भाषियों को काफी सम्मान दिया है, जिसका वह जीता जागता उदाहरण हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ाने में पुरुषों के साथ साथ महिलाओं की भूमिका भी अहम होती है. उन्होंने क्षत्रिय समाज की क्षत्राणियों को भी अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया. इस वनभोज में आसनसोल, रानीगंज, जामुड़िया, दुर्गापुर, अंडाल, पांडवेश्वर, चितरंजन, कुल्टी, बराकर, पारबेलिया, मैथन, जामताड़ा, धनबाद सहित पूरे शिल्पांचल से क्षत्रिय समाज के काफी संख्या में लोग उपस्थित थे. इस कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया. कार्यक्रम में ईसीएल के सातग्राम-श्रीपुर एरिया के महाप्रबंधक उपेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित हुए. कार्यक्रम में लोगों ने दहेज प्रथा सहित विभिन्न कुरीतियों के खिलाफ अपनी बात रखी.कार्यक्रम में अतिथियों को उत्तरीय एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर अंचल के कई पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता राधा गोविंद सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश सिंह एवं गोपाल सिंह ने किया. वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के अध्यक्ष योगेश सिंह, जितेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह, सुनील सिंह, संजय सिंह, मुन्ना सिंह, विजय सिंह, तारकेश्वर सिंह, क्रांति सिंह सहित अन्य की भूमिका सक्रिय रही.



0 टिप्पणियाँ