रानीगंज-आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना की पुलिस ने साइबर अपराध में धोखाधड़ी के शिकार हुए एक व्यक्ति को करीब 8 लाख रुपये लौटाये. आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी सेंट्रल दो श्रीमंत बनर्जी, रानीगंज थाना के इंस्पेक्टर सुदीप दासगुप्ता और तीन पुलिस चौकियों के आईसी ने उन्हें चेक के रूप में यह बड़ी रकम सोमवार को लौटाई. मालूम हो कि सोशल मीडिया पर पैसे कमाने का आसान तरीका ढूंढकर "बेबी काउ प्लेटफॉर्म डॉट कॉम" नामक वेबसाइट पर एकत्रित पैसों को कई गुना करने का लालच दिया गया और दो महीने तक कई लाखों रुपए हड़पने की बात सामने आई. पीड़ित व्यक्ति ने दो महीने बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो एसीपी सेंट्रल टू श्रीमंत बनर्जी के निर्देश पर पुलिस साइबर सेल अधिकारी पीएसआई अफजल राजा ने घटना की जांच की और तीन बैंकों से 7 लाख 83 हजार रुपये बरामद करने में कामयाबी हासिल की. लगभग तीन महीने तक लंबी और कड़ी मेहनत का फल मिला,हालांकि फिलहाल जांच अभी भी जारी है क्योंकि पुलिस अभी भी इस बात की जांच कर रही है कि ये धोखाधड़ी किसके -किसके साथ हुई और कहां से ज्यादा पैसे ऐंठे गए हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीगंज के एक व्यवसायी ने लंबे समय तक विभिन्न व्यवसायों से जुड़े रहने के बाद वेबसाइट में पैसा लगाने की योजना बनाई, जिसके अनुसार उसने कई बैंकों के माध्यम से बेबी काउ प्लेटफॉर्म डॉट कॉम नामक फर्जी वेबसाइट पर लाखों रुपये भेजे. बाद में उन्हें इस पर संदेह हुआ तो मामला सामने आया.
श्रीमंत बनर्जी ने कहा कि बहुत से लोगों को समझ नहीं आता कि वह कब धोखाधड़ी के जाल में कैसे फंस गये. इसलिए ऐसे लेनदेन भुगतान और संबंधित व्यावसायिक गतिविधियों के बारे में पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही वेबसाइट के माध्यम से लेनदेन किए जाने चाहिए.
पता चला है कि उस शख्स की जितनी रकम डूबी थी, उसमें से फिलहाल मात्र 7 लाख 83 हजार रुपये वापस मिल पाई है. एसीपी ने बताया कि चेक के माध्यम से उस व्यक्ति को यह रकम वापस की गई है.










0 टिप्पणियाँ