आसनसोल : दक्षिण दिनाजपुर से निकले 60 तीर्थ यात्रियों को एक ट्रैवल एजेंट आसनसोल के घाधरबुड़ी मंदिर पर छोड़कर बस के साथ फरार हो गया। तीर्थयात्री ठगा महसूस कर रहे हैं। वे लोग शुक्रवार को आसनसोल दक्षिण थाना में ट्रेवल एजेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ताकि उन लोगों के साथ न्याय मिल सके। फिलहाल सभी तीर्थ यात्री घाधर बुढ़ी धर्म चक्र समिति के धर्मशाला में आश्रय लिए हुए हैं। धर्म चक्र समिति के मदन ठाकुर और रूपेश साव ने बताया कि समिति के द्वारा इन तीर्थ यात्रियों को खाने और रहने की व्यवस्था की गई है। वही एक पीड़ित तीर्थयात्री गोपाल प्रमाणिक ने बताया कि उन्होंने सिलीगुड़ी के एक ट्रैवल एजेंट के माध्यम से एक टूरिस्ट बस तीर्थ भ्रमण के लिए बुक करवाई थी। उनलोगों से तपोवन, बाबा धाम, गंगासागर, एवं अन्य कई तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए भ्रमण कराने का समझौता हुआ था।जिसके बाद दक्षिण दिनाजपुर के 60 तीर्थयात्री बस में सवार होकर तीर्थ भ्रमण करने के लिए निकले। लेकिन दो दिन पहले रात 11 बजे टूरिस्ट बस ने हम लोगों को घाघर बुढ़ी मंदिर में उतारा। सुबह में हम लोगों ने देखा कि ट्रैवल एजेंट और बस नदारद है। इसके बाद हम लोग ट्रेवल एजेंट को फोन कर रहे हैं। लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा है। नाहीं बस आया है। हम लोग काफी परेशान हैं।गोपाल प्रमाणिक ने बताया कि हम लोग अत्यंत गरीब तबके एवं पिछड़े इलाके के लोग हैं। हमें क्या करना है। कुछ समझ नहीं आ रहा है। इसलिए आज हम लोग ट्रैवल एजेंट के खिलाफ शिकायत करने के लिए आसनसोल दक्षिण थाना आए हैं। ताकि इस मामले को लेकर पुलिस हमें कुछ सहायता करें। हमें न्याय मिल सके। अब देखना है कि आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस इन तीर्थयात्रियों को कैसे न्याय दिलाती है। उनके गंतव्य तक पहुंचाने की क्या व्यवस्था करती है।


0 टिप्पणियाँ