जामुड़िया-आसनसोल लोकसभा उपचुनाव के लिए जहां टीएमसी भाजपा जोर शोर से चुनाव प्रचार कर रही है तो वहां सीपीआईएम पार्टी भी जोर शोर से जुटी हुई है.जामुड़िया के अपायन मैरिज हॉल के पास माकपा की तरफ से जनसंपर्क अभियान चलाया गया. इस दौरान निकाली गई रैली अपायन मैरिज हॉल से शुरू होकर बाटामोड़, जामुडिया बाजार होते हुए थाना मोड़ बस स्टैंड में जाकर पथ सभा में तब्दील हो गयी. सभा के दौरान माकपा नेता गौरांगो चटर्जी ने कहा कि उच्च माध्यमिक परीक्षा के दौरान आसनसोल लोकसभा उपचुनाव हो रहे हैं और यह सिर्फ इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो ने दल बदल दिया है. आसनसोल की जनता ने जिस पर भरोसा जताया था उसने जनता के साथ विश्वासघात किया, इसलिए इस बार के उपचुनाव में आप सभी को तय करना है कि आप अपना बहुमूल्य वोट किसे देंगे.केंद्र सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा की जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है तभी से सभी सरकारी संस्थाओं का बेसरकारीकरण किया जा रहा है, महंगाई बढ़ती जा रही है. पेट्रोल डीजल घरेलू गैस के दाम बढ़ रहे हैं जनता परेशान हो रही है और सरकार उसे लूटने में व्यस्त है. वहीं राज्य सरकार पर भी आरोप लगाते हुए माकपा नेता ने कहा तृणमूल कांग्रेस अवैध कोयले के कारोबार में लिप्त होकर जनता को अपने हाल पर जीने को छोड़ दी है.इस बार के चुनाव में आप सभी माकपा उम्मीदवार को जीत दिलाएं ताकि संसद में आपकी आवाज उठाई जा सके और संसद में इसका हल किया जा सके. वहीं एसएफआई नेत्री आइसी घोष ने कहा कि एक साल पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की थी कि राज्य के हर युवाओं को नौकरी मिलेगी लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया गया. रोजाना खबरों में सिर्फ सीबीआई जांच देखने को मिल रही है, टेट परीक्षा उत्तीर्ण परीक्षार्थी सिर्फ अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और बदले में उन्हें पुलिस के डंडे खाने पड़ रहे हैं. आगामी 12 अप्रैल के चुनाव में इस सब का जवाब मतदाता देगी, क्योंकि ना तो प्रधानमंत्री और ना तो मुख्यमंत्री रोजगार देने के वादे को पूरा किए हैं. इस पथ सभा में माकपा उम्मीदवार पार्थो मुखर्जी, तापस कवि, मनोज दत्ता, सुमित कवि, विकास यादव, बुद्धदेव रजक, सुजीत दत्त मुख्य रूप से उपस्थित थे.


0 टिप्पणियाँ