रानीगंज-आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करने के बाद तृणमूल कांग्रेस का उत्साह दुगना है.तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने 303209 वोट से भाजपा की अग्निमित्र पाल को हराकर जीत हासिल की है. टीएमसी की भारी मतों से हुई जीत के बाद सोमवार रानीगंज में नुपुर पंचायत टीएमसी पार्टी ऑफिस से एक रैली निकाली गई जो पूरे ग्राम की परिक्रमा की, इस दौरान टीएमसी समर्थक हरे रंग की गुलाल उड़ाते डीजे की धुन पर नाचते नजर आए. दरअसल आसनसोल लोकसभा सीट पाने के लिए टीएमसी सत्ता में आने के बाद से लगातार प्रयासरत थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग रही थी, 2011 में राज्य की गद्दी में तृणमूल के बैठने के बावजूद भी आसनसोल सीट पर वामपंथी सांसद का कब्जा था. 2014 ,2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की लहर के दौरान यह सीट बीजेपी के खाते में चली गई, लेकिन केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह ना मिलने की वजह से नाराज बाबुल सुप्रियो ने टीएमसी का दामन थाम लिया और सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद आसनसोल सीट खाली हो चुकी थी.2022 के उपचुनाव में बिहारी चेहरा को खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री ने चुनाव टीएमसी के खाते में जीत दिलाने की कोशिश की जो सफल भी हुई, अब सबकी निगाहें 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकी हुई है. अब देखना है कि 2024 में ममता बनर्जी सही में गेमचेंजर साबित होती है या नहीं.

0 टिप्पणियाँ