जामुड़िया-जामुड़िया के केंदा फाड़ी अंतर्गत भबुडंगाल जाने वाले रास्ते के पास स्थित पलाश बनर्जी के घर में आज सुबह घटित घटना में उनके बेटे की जान बाल-बाल बच गयी. दरअसल शनिवार सुबह 11:00 बजे आनिंदम बनर्जी जो क्लास 9वी का छात्र है अपनी परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई कर रहा था, इसी दौरान कुछ देर के लिए वह दूसरे रूम में चला गया तभी अचानक घर की छत का प्लास्टर टूट कर उसी जगह गिर पड़ा जहां अनिंदम पढ़ाई कर रहा था. दूसरे कमरे में जाने की वजह से आनिंदम बाल-बाल बच गया. पलाश बनर्जी की पत्नी निवेदिता बनर्जी का कहना है कि कोलियरी पास होने की वजह से यहां बार-बार ब्लास्टिंग होती है. जिसकी वजह से हमारा पूरा घर क्षतिग्रस्त हो चुका है. जगह जगह से दरारें पड़ चुकी हैं, आए दिन जान का खतरा बना रहता है, लेकिन इसी अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है.उन्होंने कहा कि बार-बार ईसीएल अधिकारियों से अनुरोध किया गया है, कोलियरी एजेंट से लेकर मैनेजर सभी ने इस घर का परिदर्शन किया, लेकिन सिर्फ आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला. पलाश की मां का कहना है कि उनका बेटा एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है हमारी स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि हम यह घर छोड़कर कहीं दूसरी जगह घर बना सके और इसीएल प्रबंधन भी हमारी बात नहीं सुन रहा है. उन्होंने कहा कि हमने ईसीएल को अपनी जमीन दी है जिसके बदले में नौकरी देने का भी वादा किया गया था लेकिन वह भी अभी तक पूरा नहीं हुआ.

0 टिप्पणियाँ