जामुड़िया : देशभक्त कवि, लेखक, आर्य गिरी प्रकाशन के संपादक एवं निंघा स्थिति निंगेश्वर शिव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित आर्य प्रह्लाद गिरी द्वारा रचित वेद संक्षिप्त एवं गीता आदि धर्म ग्रंथों की ऐतिहासिक सच्चाई नामक पुस्तक का विमोचन कार्यक्रम शनिवार को निंघा के स्टाफ क्लब परिसर में आयोजित किया गया.कार्यक्रम में विमोचन कर्ता जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह, मुख्य अतिथियों में ईसीएल के श्रीपुर एरिया के महाप्रबंधक मुकेश कुमार जोशी, कुनूस्तोरिया एरिया के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा, पटना से चलकर आए स्वतंत्रता सेनानी राम दहीन गिरी, बीबी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ अरुण कुमार पांडे, तृणमूल हिंदी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सिंटू भुइंया, स्थानीय पार्षद उषा पासवान आदि उपस्थित थे. मंच संचालन मंगल पांडे ने किया.कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं वेद मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्वलित कर हुआ. इसके पश्चात सभी अतिथियों को स्फटिक माला पहनाकर स्वागत किया गया. विधायक हरेराम सिंह सहित मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों ने 'वेद संक्षिप्त' एवं 'गीता आदि धर्म ग्रंथों की ऐतिहासिक सच्चाई' पुस्तक का विमोचन किया. पुस्तक के विषय में हरेराम सिंह ने अपना वक्तव्य में कहा कि आजकल धर्म ग्रंथों में हमारी रुचि कम होने लगी है. धर्म ग्रंथों के प्रति लोगों का रुझान पहले जैसा नहीं रहा है. तुलसीदास जी ने रामचरितमानस में कहा है कि कलियुग में धर्म के नाम की चर्चा कम होगी. आज हमारी जिम्मेवारी बनती है कि हमारे धर्म का प्रचार किया जाए क्योंकि धर्म हमें सही मार्ग दिखाता है. यह एक बहुत बड़ा कार्य है जिसे पंडित आर्य प्रहलाद गिरी कर रहे हैं. हालांकि ईश्वर पथ का रास्ता अलग अलग जरूर है, परंतु पहुंचने की जगह एक ही है. इसलिए हमलोग शांतिप्रिय होकर अपने धर्म के साथ साथ सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए. पंडित जी ने परिश्रम करके धर्म की सच्चाई को सामने लाने का जो कार्य पुस्तक के माध्यम से किया है उसे सभी लोगों को जरूर पढ़ना चाहिए.
मुकेश कुमार जोशी ने पुस्तक के विषय में अपना व्यक्तव्य रखते हुए कहा कि भारत विविधताओं का देश है यहां सभी धर्म एक और लोग एक साथ रहते हैं. सभी अपने धर्म का पालन करते हुए शांति से रहें एवं देश की उन्नति में सहयोग दें. अगर हम आपस में धर्म के नाम पर लड़ेंगे तो देश के दुश्मन हम पर राज करेंगे। महाप्रबंधक ने श्रीपुर एरिया के विषय में कहा कि श्रीपुर एरिया के विकास के लिए हम लोग तत्पर हैं. सुरक्षा के साथ उत्पादन लक्ष्य को बढ़ाया जाएगा. उन्होंने भारत सरकार तथा कोल इंडिया द्वारा बंद पड़े खदानों को प्राइवेट सेक्टर को देने के विषय में कहा कि ईसीएल में बंद पड़े खदानों को भारत सरकार प्राइवेट सेक्टर को दे रही है. इससे लोगों को नया रोजगार मिलेगा तथा देश में कोयला का उत्पादन बढेगा तथा देश की और उन्नति होगी, क्योंकि हमारी मुख्य ऊर्जा अभी कोयला ही है। देश में अभी कोयला का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है जो 20 25 सालों तक कम होने वाला नहीं है.
अनिल कुमार सिन्हा ने पंडित आर्य गिरि को धन्यवाद करते हुए कहा कि इनके द्वारा रचित पुस्तक के पीछे जो उद्देश्य है उसे हमें समझना चाहिए, क्योंकि अत्यंत ही परिश्रम से उन्होंने पुस्तक लिखी है. हालांकि उन्होंने पुस्तक की रचना करते हुए भावनाओं में बह गए हैं. धर्म के विषय में इन्होंने जो कहा है वह आलोचना का विषय है इसे पूरा पढ़ने के बाद इस विषय पर चर्चा किया जाएगा. धर्म वास्तव में धारण करने वाले को कहते हैं धर्म से पहले हम इंसान हैं और हमें एक अच्छा इंसान बनना चाहिए। किसी भी धर्म में सभी को संगठित रह कर एक साथ रहने सिखाया है.
स्वतंत्रता सेनानी राम दहिन गिरी ने देश की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हर जगह भी कुर्सी की लड़ाई चल रही है कुर्सी के लिए हम लोग आपस में मारकाट मचा रहे हैं हम लोग अपना कीमती वोट नेताओं को देते हैं, इसके बाद नेता दल बदल कर दूसरे पार्टी में चले जाते हैं जिससे हम अपने आप को छला हुआ महसूस करते हैं. देश में ऐसा कानून लाना चाहिए कि दल बदल ना हो सके तभी देश का वास्तविक विकास होगा .आज देश में वोट के लिए जनता को तरह-तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं. कोई कहता है कि हम सभी को महीना में 2000 रुपये, देंगे कोई कहता है मोबाइल देंगे, कोई कहता है गाड़ी देंगे इस तरह से प्रलोभन देकर वोट मांगा जा रहा है,परंतु कोई यह नहीं कहता कि मैं आपको नौकरी दे दूंगा. इन नेताओं के चक्कर में हमें नहीं लड़ना चाहिए. हमलोग एक साथ भाई चारे के साथ मिलकर रहना चाहिए.
सिंटू भुइंया ने अपने वक्तव्य में कहा कि हम युवाओं को छात्र बन कर बड़े ज्ञानी पुरुषों की बातों को जीवन में उतारना चाहिए. पुस्तकें पढ़ना चाहिए, क्योंकि पुस्तक पढ़कर ही हम ज्ञान हासिल कर सकते हैं. विभिन्न धर्म ग्रंथों एवं महापुरुषों के पुस्तक पढ़ कर उन्हें लिखी हुई बातों को अपने जीवन में उतारना चाहिए.

0 टिप्पणियाँ