जामुड़िया : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जामुड़िया के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविरों का आयोजन किया गया. सामाजिक संस्थाओं, पुलिस प्रशासन और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम किया तथा स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.
सिनेमा मोड़ स्थित नेताजी संघ फुटबॉल मैदान में सुविधा संस्था की ओर से विशेष योग शिविर आयोजित किया गया. इसमें बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया. योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया. संस्था की आयोजन समिति के संयोजक कन्हैया केशरी ने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिकेत रवानी, रंजीत यादव, विकास लोहार, संजय रवानी, इंद्रनाथ रॉय, सनी सिंह, गणेश दीवान, ऋषिराज सिंह और दीपक केशरी की सक्रिय भूमिका रही.
वहीं, जामुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर फाड़ी के समीप गुंजन पार्क में पुलिस प्रशासन की पहल पर विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों, स्थानीय नागरिकों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन कराए गए तथा तनावमुक्त जीवन और मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए गए. इस अवसर पर डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर, श्रीपुर फाड़ी प्रभारी मेहराज अंसारी, ट्रैफिक प्रभारी अनूप कुमार हाती, चुरुलिया फाड़ी प्रभारी बुद्धदेव गैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
इसके अलावा एमबी स्पंज एंड पावर लिमिटेड में भी योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनी के निदेशक पवन कुमार अग्रवाल, अधिकारियों और श्रमिकों ने भाग लेकर नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया.



0 टिप्पणियाँ