रानीगंज: रानीगंज स्थित मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को जय बालाजी इंडस्ट्री के ठेका श्रमिकों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, पीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया.श्रमिकों के आंदोलन के कारण कारखाने का उत्पादन लगभग छह घंटे तक बाधित रहा.
सुबह करीब पांच बजे बड़ी संख्या में अस्थायी श्रमिकों ने कारखाने के दोनों प्रवेश द्वारों को अवरुद्ध कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन के दौरान स्थायी कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई. श्रमिकों ने किसी राजनीतिक दल के बैनर के बिना एकजुट होकर आंदोलन किया.
प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि उनसे अत्यधिक काम लिया जाता है, लेकिन सरकारी मानकों के अनुरूप वेतन नहीं दिया जाता.उनका कहना है कि उन्हें प्रतिदिन केवल 229 रुपये दिए जाते हैं, जबकि सरकारी निर्धारित दर 399 रुपये प्रतिदिन है. श्रमिकों ने आरोप लगाया कि वर्षों से काम करने के बावजूद उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), भविष्य निधि (पीएफ) और पहचान पत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी गई हैं.
श्रमिकों के अनुसार, कई कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन आज तक उन्हें वैधानिक सुविधाओं के दायरे में नहीं लाया गया.उनका आरोप है कि प्रबंधन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज करते हुए कहता है कि "काम करना है तो करो, नहीं तो चले जाओ.
सुबह करीब 10 बजे प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता हुई. श्रमिकों का दावा है कि प्रबंधन ने उनकी मांगों को उचित मानते हुए उन्हें पूरा करने के लिए 10 दिनों का समय मांगा है.
श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें सरकारी दर के अनुसार 399 रुपये प्रतिदिन वेतन तथा पीएफ और ईएसआई की सुविधा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.



0 टिप्पणियाँ