रानीगंज: प्रयास फाउंडेशन की ओर से समाजसेवी, व्यापारी नेता तथा "शिल्पांचल के गांधी" और "युग पुरुष" के रूप में विख्यात स्वर्गीय गोविंदराम खेतान की स्मृति में आयोजित जीआर खेतान मेमोरियल मेरिट अवार्ड-2026 का आयोजन रानीगंज लायंस क्लब हॉल में किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न बोर्डों के 189 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विभिन्न विद्यालयों के उन विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. सभी छात्रों को मेडल, प्रशस्ति पत्र, पेन और डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया.
प्रयास फाउंडेशन के संस्थापक पिंटू गुप्ता ने बताया कि इस पुरस्कार समारोह का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वर्गीय जीआर खेतान के त्याग, संघर्ष और समाजसेवा से परिचित कराना है, ताकि विद्यार्थी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ सकें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें.
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें रानीगंज के विभिन्न कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रामकुमार शिक्षा सदन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एस. भौमिक उपस्थित थे. उनके साथ ट्रस्ट के सचिव एवं ट्रस्टी हर्षवर्धन खेतान, रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, सचिव शरद कनोडिया, चेयरमैन रोहित खेतान, रानीगंज लायंस क्लब की सचिव बानी खेतान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी मौजूद रहे.



0 टिप्पणियाँ