जामुड़िया- ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड अब अपनी बंद हो चुकी खदानों को केवल अनुपयोगी गड्ढा मानकर नहीं छोड़ेगा, बल्कि उन्हें सुरक्षित रूप से भरकर जनहित में इस्तेमाल करने की दिशा में कदम उठा रहा है. इसी क्रम में, बुधवार को ईसीएल के सीएमडी सतीश झा ने सातग्राम एरिया के अधीन जामुड़िया बोरो-1, वार्ड संख्या 5 स्थित एबी पिट आठ नंबर फुटबॉल मैदान के समीप चल रहे खदान भराई कार्य का जायजा लिया.
केंद्र सरकार की नई योजना के तहत हो रहा कार्य
निरीक्षण के दौरान सीएमडी सतीश झा ने बताया कि केंद्र सरकार ने एक नई और व्यापक योजना तैयार की है, जिसके तहत बंद होने वाली खदानों को वैज्ञानिक और सही तरीके से भरना अनिवार्य कर दिया गया है. उन्होंने कहा, हम यह सुनिश्चित करने आए हैं कि भराई का कार्य मानकों के अनुरूप हो रहा है या नहीं. सरकार का निर्देश है कि खदान बंद होने के बाद भी वह स्थान समाज के काम आना चाहिए.
सीएमडी ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि आमतौर पर खदान चलने के दौरान ही आर्थिक गतिविधियां होती हैं, लेकिन अब नई नीति के अनुसार खदान बंद होने के बाद भी वहां गतिविधियां जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है. खाली जमीन पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे. जामुड़िया के इस क्षेत्र में खदान भरकर उसे खेल की गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को लाभ होगा.
अगले वित्त वर्ष की रूपरेखा तैयार
चूंकि वर्तमान वित्त वर्ष (2025-26) के अब केवल दो महीने शेष रह गए हैं, इसलिए सीएमडी ने इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. निरीक्षण के बाद उन्होंने सातग्राम एरिया के उच्चाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी की. इस बैठक में आने वाले वित्त वर्ष के लिए अन्य बंद खदानों की भराई और उनके पुनरुद्धार की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई.
इस दौरे के दौरान ईसीएल मुख्यालय और सातग्राम एरिया के कई वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और प्रबंधक उपस्थित रहे.


0 टिप्पणियाँ