रानीगंज: आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल को बुधवार को अपने ही निर्वाचन क्षेत्र के नुतन एगारा इलाके में कड़े विरोध का सामना करना पड़ा. पडाय-पडाय दिदिभाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जब वह पंडार बांध पाड़ा पहुंच कर लोगो की समस्याओं को सुनने पहुँचीं विधायक को स्थानीय भीड़ ने घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है.
विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि नारेबाजी करने वाले लोग स्थानीय निवासी नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य विवेक मंडल के गुंडे हैं.विधायक ने आरोप लगाया कि:इलाके में पिछले 15 वर्षों से विकास कार्य ठप पड़ा है, जिसे छिपाने के लिए यह नाटक रचा गया.जब सत्ताधारी दल के नेताओं ने देखा कि विधायक खुद जनता के बीच पहुँच रही हैं, तो वे असुरक्षित महसूस करने लगे.उन्होंने कहा कि विवेक मंडल के विरुद्ध भ्र्ष्टाचार के कई आरोप है ,बीते दिन एक रास्ता निर्माण के दौरान कट मनी की मांग को लेकर निर्माण कार्य रोक दिया था,पंचायत प्रधान के साथ भी वाद विवाद हुआ,फिर कटमनी की सहमति बनी ततपश्चात कार्य आरम्भ हुई.विधायक ने स्पष्ट किया कि 'गो बैक' के नारों से उन्हें डराया नहीं जा सकता और वे जनता के हक के लिए आना जारी रखेंगी,जिस तरह का बर्ताव वह करेंगे,उसका जवाब उसी अंदाज में दिया जाएगा.
दूसरी ओर, पंचायत सदस्य विवेक मंडल ने विधायक के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले कोई बाहरी नहीं बल्कि उसी इलाके के आम नागरिक हैं, जो विधायक के अब तक के कार्यकाल और उनके व्यवहार से नाराज हैं.विधायक द्वारा उन पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह झूठे हैं.विधायक और पंचायत प्रधान के बीच मतभेद की खबरों को भी उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विधायक सच नहीं बोल रही हैं.
इस घटना ने आगामी चुनावों से पहले क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है.एक तरफ जहाँ विधायक इसे विकास की विफलता छिपाने की साजिश बता रही हैं, वहीं स्थानीय नेतृत्व इसे विधायक की कार्यशैली के खिलाफ जन-आक्रोश करार दे रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक चले हंगामे के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही.दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में वाद विवाद और हाथापायी भी हुई.

0 टिप्पणियाँ