रानीगंज-मारवाड़ की समृद्ध परंपरा और ब्रज की होली का अद्भुत संगम गुरुवार को रानीगंज के प्रसिद्ध श्री श्री सीताराम जी मंदिर प्रांगण में देखने को मिला. अवसर था 'लड्डू गोपाल संग फूलों की होली' एवं 'भजन संध्या' का, जहाँ मथुरा-वृंदावन और बरसाना की तर्ज पर पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति रस से सराबोर हो उठा.
110 लड्डू गोपाल के साथ खेली गई होली
मंदिर कमेटी के सचिव प्रदीप सरायां ने बताया कि परंपरा के अनुसार बीते 4 साल से इस भव्य उत्सव का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष रानीगंज क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु अपने-अपने घरों से 110 लड्डू गोपाल के विग्रहों को लेकर मंदिर पहुँचे. श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य के साथ फूलों की होली खेलकर होली पर्व के आगमन का आनंद लिया. उन्होंने बताया कि होली का यह उत्सव एकादशी से एक दिन पूर्व शुरू हुआ यह उत्सव 4 मार्च तक चलेगा.
भजन संध्या में बंधा समां
शाम ढलते ही मंदिर परिसर भजनों की स्वर लहरियों से गूंज उठा. कोलकाता से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका मन श्री एवं मोनिका शर्मा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया. वहीं, रानीगंज के जाने-माने गायक विवेक बगड़िया और शहर की दो बहनों सुश्री श्रावणी नाग एवं दुर्गा नाग के भजनों ने समां बांध दिया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव प्रदीप सरायां के साथ अभिषेक बगड़िया, हरि सोमानी, गोविंद लोहिया, विजय छावछरिया और मंदिर कमेटी के तमाम सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. उत्सव के दौरान प्रसाद वितरण की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व जीण माता सेवा समिति की टीम ने बखूबी निभाया, जिसके लिए मंदिर परिवार ने उनका आभार प्रकट किया.
फूलों की होली के साथ-साथ भजन संध्या और विशेष लॉटरी के आयोजन ने श्रद्धालुओं के हृदय में आनंद का संचार किया. बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्ग भक्तों ने इस उत्सव में हिस्सा लेकर श्री सीताराम जी और लड्डू गोपाल का आशीर्वाद लिया. मंदिर परिवार ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और सहभागिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की.


0 टिप्पणियाँ