जामुड़िया: पेयजल की गंभीर किल्लत से जूझ रहे तापसी इलाके की महिलाओं का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया. सुचारू जल आपूर्ति की मांग को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-60 की दोनों लेनों को पूरी तरह अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान करीब 20 मिनट तक वाहनों के पहिए थमे रहे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई.
6 महीने से बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जामुड़िया थाना क्षेत्र का तापसी इलाका पिछले छह महीनों से भी अधिक समय से भीषण जल संकट का सामना कर रहा है महिलाओं का आरोप है कि इलाके में नल तो लगे हैं, लेकिन उनमें पानी अनियमित है या बिल्कुल नहीं आता. उचित जल आपूर्ति न होने से दैनिक कार्यों में भारी कठिनाई हो रही है
प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.इलाके में स्थायी जल आपूर्ति के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.आश्वासनों के अलावा अब तक धरातल पर कुछ भी हासिल नहीं हुआ है. प्रदर्शन कारी महिलाओं ने कहा किअगर सात दिनों के भीतर तापसी इलाके में नियमित पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो हम इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे और हाईवे को अनिश्चितकाल के लिए ठप कर देंगे.
आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा. स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेता.राजू मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुँचे उन्होंने महिलाओं की शिकायतों को सुना और जल्द से जल्द समस्या के समाधान का ठोस आश्वासन दिया.तृणमूल नेतृत्व के हस्तक्षेप और पुलिस की समझाइश के बाद महिलाओं ने सड़क से अवरोध हटाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका.


0 टिप्पणियाँ