बांकुडा: बांकुडा जिले के ब्लॉक नंबर 2 के मनकनाली ग्राम पंचायत और दो अन्य गांवों में मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ी का मामला सामने आया है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, मतदाता सूची में 25 से 30 ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं जिनकी मृत्यु कई साल पहले हो चुकी है.
ग्रामीणों का कहना है कि सूची में शामिल कुछ लोगों की मृत्यु 5 साल पहले और कुछ की 10 साल पहले हुई थी. उन्होंने यह भी बताया कि जब परिवारों ने स्थानीय ग्राम पंचायत को मतदाताओं की मृत्यु की सूचना दी, तो राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं बंद कर दी गईं, लेकिन मृतकों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए गए.
इस मामले को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का आरोप है कि सरकारी कार्यालयों में अभी भी वामपंथी कार्यकर्ता मौजूद हैं, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर मृतकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए हैं टीएमसी ने यह भी कहा कि भाजपा के साथ उनके तनावपूर्ण संबंधों के कारण, भाजपा चुनाव में धांधली करने की कोशिश कर रही है और अपनी छवि बचाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है.
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताया है. भाजपा का कहना है कि चुनाव आयोग राज्य सरकार के कर्मचारियों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ता और हटाता है. इसलिए, यदि मृत मतदाताओं के नाम सूची से नहीं हटाए गए हैं, तो यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है
इस मामले पर स्थानीय प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले की जांच करे और मतदाता सूची से मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएं.

0 टिप्पणियाँ