रानीगंज: पश्चिम बर्धमान जिले के 13 महाविद्यालयों की सहभागिता के साथ अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक मीट, फुटबॉल चैंपियनशिप और महिला खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार से रानीगंज के टीडीबी कॉलेज मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ. तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं टीडीबी कॉलेज के ध्वज फहराकर किया गया. प्रतियोगिता की शुरुआत में पारंपरिक मशाल दौड़ का आयोजन किया गया, जो ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे बड़े खेल आयोजनों की परंपरा का प्रतीक है. प्रतियोगिता के पहले दिन ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कल, कॉलेज मैदान में ही पुरुषों की फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी कॉलेजों के फुटबॉल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.7 तारीख को रॉबिन सेन स्टेडियम में महिलाओं की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.
टीडीबी कॉलेज के टीचर इंचार्ज मिलन मुखर्जी ने बताया कि प्रतियोगिता में पश्चिम बर्धमान जिले के 13 कॉलेजों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 11 कॉलेजों के लगभग 130 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं.उन्होंने बताया कि 7 तारीख को प्रतियोगिता का समापन है और उस दिन एक्रोबैटिक्स (कलाबाजी) का भी आयोजन किया जाएगा.
टीडीबी कॉलेज की अंग्रेजी की प्रोफेसर सर्बाणी बैनर्जी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों के अंदर खेलकूद के क्षेत्र में जो प्रतिभा है, वह उभरकर सामने आती है.उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है और इसी सोच को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. उन्होंने कॉलेज के टीचर इंचार्ज मिलन मुखर्जी के नेतृत्व में और सभी के सहयोग से इस प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के सरकारी पर्यवेक्षक डॉ. कमरुल हसन, आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की टीचर इंचार्ज मोनिका साहा के अलावा तमाम विशिष्ट लोग उपस्थित थे. विभिन्न कॉलेजों के खिलाड़ी, जिनमें आसनसोल गर्ल्स कॉलेज, बीबी कॉलेज, खांद्रा कॉलेज आदि शामिल हैं, ने भी इस प्रतियोगिता में भाग लिया.



0 टिप्पणियाँ