दामोदरपुर मोड़ पर घंटों लगा रहा जाम; उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, पुलिस के दखल के बाद हटा अवरोध
जामुड़िया : ईरान-अमेरिका युद्धों की तपिश अब जामुड़िया के आम घरों की रसोई तक पहुंच गई है. पेट्रोलियम पदार्थों की वैश्विक किल्लत और आपूर्ति में बाधा के कारण बुधवार को जामुड़िया के दामोदरपुर क्षेत्र में भारी तनाव देखा गया. गैस सिलेंडर की मांग को लेकर सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.
सड़क पर सिलेंडर, थम गए वाहनों के पहिए
बुधवार सुबह करीब 8:00 बजे, दामोदरपुर स्थित कोलफील्ड एचपी गैस एजेंसी के समक्ष बड़ी संख्या में उपभोक्ता एकत्रित हुए. कई दिनों से चक्कर काटने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से क्षुब्ध लोगों ने अपना धैर्य खो दिया.गुस्साए उपभोक्ताओं ने दामोदरपुर मोड़ के पास जामुड़िया-हरिपुर मुख्य मार्ग को गैस सिलेंडर बीच सड़क पर रखकर अवरुद्ध कर दिया.
इस प्रदर्शन के कारण देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा.
उपभोक्ताओं का कहना है कि हम सुबह से काम छोड़कर लाइन में लगे हैं, लेकिन एजेंसी से खाली हाथ लौटा दिया जाता है. अगर गैस नहीं मिलेगी तो चूल्हा कैसे जलेगा? प्रशासन को इस किल्लत का ठोस समाधान निकालना होगा.
पुलिस की समझाइश और प्रदर्शन की जिद
घटना की गंभीरता को देखते हुए जामुड़िया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. आक्रोशित भीड़ को शांत कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत की. पुलिस के बार-बार अनुरोध और आपूर्ति बहाल कराने के आश्वासन के बाद सुबह 9:00 बजे सड़क से जाम हटाया गया. हालांकि, सड़क खुलने के बाद भी उपभोक्ताओं का गुस्सा कम नहीं हुआ और वे गैस एजेंसी के दफ्तर के बाहर घंटों डटे रहे.
युद्ध और किल्लत का 'कनेक्शन'
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्धों के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है. जामुड़िया जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है, जहां मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए रसोई गैस की अनियमितता एक बड़ी मुसीबत बन गई है.


0 टिप्पणियाँ