रानीगंज: शहर के 'श्री श्री सीताराम जी भवन' में सोमवार को मारवाड़ी समाज की महिलाओं का एक ऐतिहासिक और भव्य समागम आयोजित किया गया. अवसर था अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के अंतर्गत 'पश्चिम बंगाल मारवाड़ी महिला सम्मेलन' के नए सत्र (2026-28) हेतु पद स्थापना समारोह का.रानीगंज के लिए यह गौरव का क्षण रहा क्योंकि संगठन के इतिहास में पहली बार प्रदेश स्तर के तीनों मुख्य पदों—अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष—पर रानीगंज की महिलाओं का चयन हुआ है.
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विमला डोकानिया व शारदा लखोटिया, और राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ.
नई कार्यकारिणी का संकल्प: 'संस्कार ही धरोहर'
आगामी सत्र 2026-2028 के लिए 36 सदस्यीय समिति के साथ नई टीम ने शपथ ली जिनमें प्रदेश अध्यक्ष रश्मि सतनालिका,प्रदेश सचिव,रीना खैतानप्रदेश कोषाध्यक्ष वनिता केजरीवाल ने पदभार ग्रहण किया.
नवनियुक्त सचिव रीना खैतान ने कहा, संगठन ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसके लिए मैं सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूँ.मेरा प्रयास रहेगा कि आने वाले दो साल संगठन के इतिहास में यादगार बनें. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में संगठन 1998 से कार्यरत है और रानीगंज शाखा का गठन 12 वर्ष पूर्व हुआ था. वर्तमान में बंगाल की 40 शाखाओं के 1800 सदस्यों में से 170 सदस्य अकेले रानीगंज से हैं.
संस्कारों का संरक्षण और बच्चों का सर्वांगीण विकास
कार्यक्रम में विमला डोकानिया ने नई पीढ़ी में संस्कारों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कार ही हमारे समाज की आधारशिला हैं, वहीं, नवनियुक्त अध्यक्ष रश्मि सतनालिका ने गर्व से 'सनातनी' होने की बात कही और घोषणा की कि बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए शतरंज और शारीरिक विकास के लिए बैडमिंटन का प्रशिक्षण के साथ महिलाओं को बैंकिंग सम्बन्धी जानकारी दिया जाएगा.उन्होंने जरूरतमंद बच्चों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था करने का संकल्प लिया.
नेत्रदान और सामाजिक जागरूकता पर विशेष जोर
समारोह के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने के साथ-साथ नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया.इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद खैतान ने संस्था को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और स्वयं नेत्रदान करने की घोषणा की.
दोपहर 3:00 बजे तक चले इस समारोह में प्रदेश भर से आईं सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पूर्व सचिव कंचन ड्रोलिया, नीलू अग्रवाल, श्वेता टिबरेवाल, उमा अग्रवाल, सरोज लोधा, विनीता अग्रवाल के साथ-साथ गणमान्य अतिथि ओमप्रकाश बाजोरिया, पवन केजरीवाल और युवा उद्योगपति रविंद्र चौधरी भी उपस्थित रहे.वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने की आवश्यकता पर जोर दिया.


0 टिप्पणियाँ