बांकुड़ा:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बांकुड़ा जिले में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। रायपुर में मुख्यमंत्री की चुनावी जनसभा से ठीक पहले, हिड़बांध ब्लॉक के बहड़ामुड़ी अंचल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और माकपा (CPI-M) को एक बड़ा झटका लगा है। शनिवार रात मशानझांड़ बूथ पर आयोजित एक कार्यक्रम में टीएमसी के पूर्व बूथ अध्यक्ष और माकपा के वरिष्ठ नेता समेत 100 से अधिक परिवारों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
भाजपा प्रत्याशी के हाथों थामा झंडा
रानीबांध विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी खुदीराम टुडू ने नए सदस्यों को पार्टी का झंडा थमाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के हिड़बांध मंडल अध्यक्ष अतनु हालदार, जिला सचिव शांतनु सिंह, और एसटी मोर्चा की महिला कन्वेनर शकुंतला मांडी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए गणपति हेम्ब्रम ने सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा की तृणमूल कांग्रेस में रहते हुए हमने केवल भ्रष्टाचार और लूट देखी है। सरकार के वादे केवल कागज पर हैं, जमीन पर कुछ नहीं। बंगाल को शक्तिशाली बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हमने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। हमारे क्षेत्र की जनता इस बार विधानसभा चुनाव में तृणमूल को हराकर भाजपा को जिताने का मन बना चुकी है.
एक साथ इतने परिवारों के दलबदल से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं का दावा है कि मुख्यमंत्री की जनसभा से पहले इस तरह का सामूहिक दलबदल यह संकेत देता है कि बांकुड़ा की जनता परिवर्तन चाहती है।

0 टिप्पणियाँ