रानीगंज: पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, रानीगंज शाखा के तत्वावधान में रविवार, को श्री महावीर व्यायाम समिति प्रांगण में भव्य 'होली मिलन' महोत्सव आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मारवाड़ी समाज को एक छत के नीचे लाकर एकता को सुदृढ़ करना और नई पीढ़ी को राजस्थानी संस्कृति से जोड़ना था.
समारोह में कोलकाता की प्रसिद्ध टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूलों की होली ने समां बांध दिया, जिससे पूरा माहौल राजस्थानी संस्कृति के तर्ज पर सराबोर हो गया. सम्मेलन के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाजोरिया ने बताया कि संस्था पिछले 60 वर्षों से कार्यरत है और अब नई ऊर्जा के साथ समाज को एकसूत्र में बांध रही है. प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि यह भारत की सबसे बड़ी राजस्थानी समाज की संस्था है, जो निरंतर सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती है.
संस्था के प्रमुख सलाहकार राजेंद्र प्रसाद खेतान ने व्यापारियों की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि संस्था युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति के कुप्रभाव से बचाकर उन्हें व्यापार की ओर पुनः उन्मुख करने और शिक्षा के लिए प्रेरित कर रही है. उन्होंने परीक्षाओं में सफल होने वाले प्रतिभाशाली बच्चों और महिलाओं को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट चेयरमैन अनिल लोहारूवाला ने कमजोर परिवारों को गोपनीय रूप से मदद करने की प्रतिबद्धता जताई. इस सफल आयोजन में सचिव विमल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल टोडानी, अमित बजाज, बिमल लोहिया और सुनील खैतान सह अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. कार्यक्रम का संचालन बानी खेतान ने किया, जबकि एंकर जूली खंडेलवाल ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अंत में रानीगंज की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया.





0 टिप्पणियाँ