रानीगंज: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की रानीगंज शाखा द्वारा ऐतिहासिक पहल करते हुए पहली बार चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग 2026 का शानदार आयोजन किया गया. बाँसड़ा मोड़ स्थित टर्फ में आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट ने न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच कार्य-जीवन संतुलन और सामुदायिक एकता की मिसाल भी पेश की.
रोमांचक फाइनल में 'लॉ चैंपियंस' ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए.शुरुआती 7 मैच 8-8 ओवर के थे, जबकि महामुकाबला फाइनल 10 ओवर का खेला गया. फाइनल मैच ऑडिट वॉरियर्स और लॉ चैंपियंस के बीच हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 'लॉ चैंपियंस' की टीम विजयी रही. टूर्नामेंट में शामिल टीमें और उनके मालिक में:
- लॉ चैंपियंस के मालिक सीए जितेश अग्रवाल (विजेता)
- ऑडिट वॉरियर्स के मालिक सीए अमित कुमार सिंह (उपविजेता)
- टैक्स ब्लास्टर्स के मालिक सीए बिमल नर्नोलिया
- अकाउंट मास्टर्स के मालिक सीए मंटू सुल्तानिया थे.
इस आयोजन का नेतृत्व रानीगंज शाखा की अध्यक्ष सीए जिग्ना विनय मेहता और सचिव सीए हर्षिता खेतान ने किया.कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सीए रश्मि टोडानी, सीपीई चेयरपर्सन सीए स्वीटी केडिया, सीए मुस्कान कालोटीया, सीए रिशिका जैन महेश्वरी, सीए नेहा जैन, सीए अभिषेक पोद्दार, सीए आदित्य विक्रम सिंघानिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
शाखा सचिव सीए हर्षिता खेतान ने बताया कि इस प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और उनके परिवारों को एक साथ लाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. सीए समुदाय ने कार्यालय की फाइलों से दूर मैदान पर परिवार संग काफी आनंद उठाया. शाखा अब इसे एक वार्षिक आयोजन बनाने की योजना बना रही है.
650 से अधिक सीए दे चुका है रानीगंज
यह आयोजन इसलिए भी गौरवशाली रहा क्योंकि रानीगंज न केवल कोयला उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि इस छोटे से शहर ने अब तक देश-विदेश को 650 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट दिए हैं, जो दुनिया भर में इस क्षेत्र का मान बढ़ा रहे हैं.
कार्यक्रम के सफल संचालन में सीए अभिषेक पोद्दार के नेतृत्व वाली कार्यक्रम समिति का विशेष सहयोग रहा. संस्था ने अपने मुख्य प्रायोजक काउवेदा सहित सह-प्रायोजकों आर.आर. इंटरनेशनल, आदित्य बिड़ला कैपिटल (म्यूचुअल फंड), श्री लॉजिस्टिक्स एवं मेटा इलेक्ट्रिक के प्रति आभार व्यक्त किया.




0 टिप्पणियाँ