दुर्गापुर -जामुड़िया: मंगलवार सुबह पश्चिम बर्दवान जिले सहित बंगाल और दिल्ली के 10 से अधिक ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' करते हुए कोयला और बालू तस्करी के काले साम्राज्य को झकझोर कर रख दिया। हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग के इस बड़े मामले में जिले के एक पुलिस अधिकारी (OC), रसूखदार व्यवसायी और सफेदपोश नेता जांच के घेरे में हैं। सूत्रों के अनुसार जामुड़िया में हार्डवेयर व्यवसायी राजेश एवं अमित बंसल के पास से करीब 70 लाख रुपये जब्त होने की खबर है।
पदभार ग्रहण करने से पहले ही OC के घर पहुंची ED
सबसे हाई-वोल्टेज छापेमारी दुर्गापुर के बेंगल अंबुजा टाउनशिप में हुई। यहाँ बुदबुद थाने के नवनियुक्त OC मनोरंजन मंडल के आवास को केंद्रीय बलों ने घेर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मनोरंजन मंडल ने अभी तक थाने का पदभार संभाला भी नहीं था कि ED उनके घर पहुँच गई। बता दें कि मनोरंजन मंडल पूर्व में बाराबनी के प्रभारी रहते हुए एक टीएमसी नेता के जन्मदिन की पार्टी थाने में मनाने के आरोप में निलंबित हो चुके हैं। उन पर कोयला तस्करी चक्र में शामिल होने का गंभीर आरोप है।
व्यवसायी और सिंडिकेट पर शिकंजा
ED की अलग-अलग टीमों ने कोयला और बालू सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी:
जामुड़िया: हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल और अमित बंसल के ठिकानों से लगभग 70 लाख रुपये की नकदी और अहम दस्तावेज जब्त किए गए।
दुर्गापुर: सैपको टाउनशिप स्थित बालू व्यवसायी प्रवीर दत्त और अंबेडकर सरणी स्थित एक आवास पर घंटों तलाशी चली।
पांडवेश्वर: कोयला व्यवसायी शेख सईदुल के ठिकानों पर रेड की गई।
रानीगंज: बक्तारनगर के बालू व्यवसायी किरण खान के आवास पर जांच जारी है।
कांकसा: बालू माफिया हासिम मिर्जा शेख के घर पर भी अधिकारियों ने छापेमारी की।
कोलकाता व दिल्ली: कोलकाता के नेताजी सुभाष रोड स्थित इन्क्रेडेबल इंडस्ट्रीज के कार्यालय और दिल्ली में दो स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
फर्जी चालान और अवैध घाटों का खेल
तलाशी के दौरान सूत्रों के अनुसार अवैध कोयला कारोबार के तहत मनी लॉन्ड्रिंग तथा अजय और दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क चल रहा था। वैध घाटों की आड़ में फर्जी चालान बनाकर और अवैध रूप से नए घाट बनाकर करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा किया जा रहा था। टेंडर की शर्तों का उल्लंघन कर इस काली कमाई को हवाला के जरिए देश के अन्य हिस्सों और विदेशी नेटवर्क में खपाने (मनी लॉन्ड्रिंग) का शक है।


0 टिप्पणियाँ