आसनसोल: पश्चिम बर्दवान जिले में छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। शनिवार को आसनसोल सर्किट हाउस में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद राज्य के परिवहन मंत्री तथा पश्चिम बर्दवान जिले में छठ पूजा की जिम्मेदारी संभाल रहे अर्जुन सिंह ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है। घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक घाट पर एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन दल को भी तैयार रखा जाएगा।
मंत्री ने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य की दो अन्य मंत्री अग्निमित्रा पाल और अजय पोद्दार के अलावा जिले के सभी विधायक, जिलाधिकारी एस. पुन्नमबलम सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में छठ पूजा को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

0 टिप्पणियाँ