सेना भवन सर्किल से खड़गे के आवास की ओर मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित विवादित टिप्पणी के खिलाफ दिल्ली में भाजपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और खड़गे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता सेना भवन सर्किल से खड़गे के राजाजी मार्ग स्थित आवास की ओर मार्च करने निकले। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और टिप्पणी पर नाराजगी जताई।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके शीर्ष नेता राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोध और नीतियों की आलोचना करने के बजाय कांग्रेस के नेता अब व्यक्तिगत टिप्पणियों पर उतर आए हैं। भाजपा ने खड़गे की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
गौरतलब है कि पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे के भाषण के बीच दर्शक दीर्घा से किसी व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा था कि 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे'। इसके जवाब में खड़गे ने 'मोदी का बाप भी जाएगा' जैसी टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक बताते हुए विरोध जताया है, जबकि इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है।

0 टिप्पणियाँ