विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने किया उद्घाटन, जरूरतमंद महिलाओं के बीच बांटी गई साड़ियां
![]() |
| निर्मल कर्मकार तथा सभापति सिंह उद्घाटन करते हुए |
जामुड़िया : आम लोगों से सीधा जुड़ाव स्थापित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से भाजपा ने जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के नींघा में विधायक कार्यालय सह सेवा केंद्र शुरू किया है. नींघा बाजार स्थित वार्ड नंबर 10 के गोकुल कॉलोनी खटाल सेंटर में इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेता सभापति सिंह तथा निर्मल कर्मकार ने फीता काटकर किया. इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित थे.
उद्घाटन समारोह में , प्रमोद पाठक, शंकर चौधरी, सुनील जोशी, राहुल सिंह, अविनाश चतुर्वेदी, मुकेश साव, पंकज तिवारी, श्याम केवट और बिल्ला यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे.
विधायक डॉ बीजन मुखर्जी ने बताया कि यह केंद्र केवल पार्टी कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम लोगों के लिए संपर्क केंद्र के रूप में काम करेगा. यहां बिजली, पानी, सड़क, राशन और स्वास्थ्य सहित रोजमर्रा की समस्याओं से संबंधित शिकायतें सुनी जाएंगी. इसके बाद संबंधित सरकारी विभागों और प्रशासन तक शिकायतें पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा.
इसके अलावा केंद्र के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे आवास योजना, शौचालय, पेंशन और स्वास्थ्य बीमा आदि की जानकारी दी जाएगी. जरूरतमंद लोगों को आवेदन करने से लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तक में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता प्रमोद पाठक और मुकेश शाव की ओर से स्थानीय गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण भी किया गया.साड़ियां मिलने पर महिलाओं ने खुशी जाहिर की.
इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा है और यह सेवा केंद्र उसी भावना के साथ काम करेगा.यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य आम लोगों और प्रशासन के बीच की दूरी कम करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद करना है.
विधायक ने आगे कहा कि यह केंद्र आम कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सेतु का काम करेगा. इसके माध्यम से जामुड़िया क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सामने लाने और उनकी आवाज को बुलंद करने का प्रयास किया जाएगा.


0 टिप्पणियाँ