परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
माधवडीही, पूर्व बर्धमान, 20 अक्टूबर। कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ की घटना में जान गंवाने वाले 14 वर्षीय संदीप बेज और उनकी 37 वर्षीय मां टगर बेज के परिजनों से मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री पूर्व बर्धमान जिले के माधवडीही थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव स्थित उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।
चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना में मां और बेटे की मौत से बीरपुर गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने और आर्थिक सहायता देने को पीड़ित परिवार को संबल देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ