वृद्धाश्रम के करीब 10 बुजुर्गों ने प्रमुख पूजा मंडपों का किया परिभ्रमण, जवानों को दिया आशीर्वाद
रानीगंज- दुर्गापूजा की खुशियों में बुजुर्गों को शामिल करने के उद्देश्य से रानीगंज ट्रैफिक गार्ड ने महासप्तमी पर सराहनीय पहल की. ट्रैफिक गार्ड की ओर से वृद्धाश्रम में रहने वाले करीब 10 बुजुर्गों को शहर के प्रमुख दुर्गापूजा मंडपों का परिभ्रमण कराया गया और मां दुर्गा के दर्शन कराये गये.इस दौरान बुजुर्गों के लिए टिफिन और जलपान की भी व्यवस्था की गयी.
महासप्तमी पर पूरा शहर दुर्गापूजा के उत्सव में डूबा हुआ है.पूजा मंडपों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. ऐसे में रानीगंज ट्रैफिक गार्ड के जवानों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को भी पूजा की रौनक से जोड़ने का प्रयास किया.जवान बुजुर्गों को वृद्धाश्रम से लेकर निकले और शहर के प्रमुख पूजा मंडपों में मां दुर्गा के दर्शन कराये. प्रतिमाओं के दर्शन करने और उत्सव के माहौल का आनंद उठाने से बुजुर्ग काफी खुश नजर आये.
पूजा परिभ्रमण के दौरान बुजुर्गों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया.उनके लिए टिफिन और जलपान की व्यवस्था की गयी, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो. दर्शन कराने के बाद सभी बुजुर्गों को सुरक्षित वापस वृद्धाश्रम पहुंचा दिया गया.
इस पहल से अभिभूत बुजुर्गों ने रानीगंज ट्रैफिक गार्ड के सभी कर्मियों के प्रति आभार जताया और उन्हें दिल से आशीर्वाद दिया. ट्रैफिक गार्ड की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्व निभाना और जरूरतमंदों की खुशियों का ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है.
महासप्तमी पर की गयी इस पहल की सराहना की जा रही है.इसने त्योहार के दौरान सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया.


0 टिप्पणियाँ