![]() |
| सड़क पर खाली सिलिंडर रख कर प्रदर्शन करते उपभोक्ता |
रानीगंज: रानीगंज में दुर्गापूजा जैसे बड़े और पवित्र त्योहार के बीच रसोई गैस की भारी किल्लत से नाराज ग्राहकों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा. गैस सिलेंडर की डिलीवरी में हो रही गंभीर लापरवाही और अव्यवस्थाओं से परेशान होकर ग्राहकों ने एचपी गैस के डीलर मंडल गैस एजेंसी के सामने खाली सिलिंडर रख कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर करीब एक घंटे तक बर्न्स प्लाट स्तिथ मंडल गैस एजेंसी के रास्ता जाम कर दिया, जिससे स्थानीय यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ.
बुकिंग और भुगतान के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों ने एचपी गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करने और भुगतान की पूरी प्रक्रिया (ओटीपी सहित) पूरी होने के बावजूद उनके घरों तक गैस सिलेंडर नहीं पहुंचाया जा रहा है. कई ग्राहकों ने तो यहां तक दावा किया कि उन्होंने तीन से चार महीने पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन त्योहार के इस महत्वपूर्ण समय में भी उन्हें गैस नहीं मिल पाई है.
एजेंसी के दरवाजे पर ताला और पुलिस का हस्तक्षेप
ग्राहकों की मुख्य शिकायत यह भी थी कि जब वे अपनी समस्या लेकर एजेंसी कार्यालय पहुंचते हैं, तो वहां अक्सर ताला लटका मिलता है. ऐसे में त्योहार के दिनों में खाना बनाने के संकट से जूझ रहे लोगों के पास विरोध प्रदर्शन के अलावा कोई अन्य रास्ता नहीं बचा था.
सड़क जाम की सूचना मिलते ही रानीगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद करीब एक घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ और यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका.
दुर्गापूजा के मौके पर गैस आपूर्ति ठप होने से आम जनता की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं. फिलहाल, स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एजेंसी से मांग की है कि डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा जिन ग्राहकों ने भुगतान कर दिया है, उन्हें जल्द से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं.,हालांकि इस मामले में एच पी गैस डीलर मंडल गैस एजेंसी के मालिक हमेशा की तरह इस बार भी कुछ कहने से कतराते नजर आए.



0 टिप्पणियाँ