पशु संसाधन विकास विभाग की पहल, ‘आयुदार – पशुओं की आवाज’ के प्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित
रानीगंज: विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर गुरुवार को रानीगंज प्रखंड पंचायत समिति के सभाकक्ष में रेबीज बीमारी को लेकर जागरूकता चर्चा का आयोजन किया गया. पश्चिम बर्धमान पशु संसाधन विकास विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में रेबीज संक्रमण, इसके जोखिम, बचाव के उपाय तथा संक्रमित पशुओं के मामले में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
कार्यक्रम में रानीगंज के संयुक्त प्रखंड विकास अधिकारी गौतम दत्ता, प्रखंड पशु संसाधन विकास अधिकारी डॉ. इंद्रनील मुखर्जी, डॉ. अनिर्बाण घोष, समाजसेवी तपन चक्रवर्ती समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.चर्चा के दौरान आवारा कुत्तों समेत अन्य आवारा पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने तथा आम लोगों के बीच रेबीज को लेकर सही जानकारी और जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया.
कार्यक्रम में ‘आयुदार – पशुओं की आवाज’ की भूमिका भी चर्चा का विषय रही. संगठन की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में आवारा पशुओं की सुरक्षा, उपचार, टीकाकरण और पशु संरक्षण को लेकर लंबे समय से कार्य किया जा रहा है. रेबीज की रोकथाम के लिए पशुओं के टीकाकरण के साथ जन-जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया गया.
कार्यक्रम के दौरान आयुदार के प्रतिनिधियों को उत्तरीय और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा अन्य पशु-प्रेमी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया. आयोजकों ने कहा कि रेबीज रोकथाम योग्य बीमारी है. इंसानों और पशुओं की सुरक्षा के लिए नियमित टीकाकरण, संक्रमित पशुओं के मामले में सावधानी और जन-जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है.




0 टिप्पणियाँ