बांकुड़ा के गौरीपुर कुष्ठ अस्पताल में 200 महिलाओं और 400 पुरुषों को दी गईं साड़ियां व नए कपड़े
बांकुड़ा, 10 अक्टूबर। महालय के पावन अवसर पर पूर्वाचल आनंद फाउंडेशन, दुर्गापुर की ओर से शनिवार को बांकुड़ा जिले के आंचुड़ी स्थित गौरीपुर कुष्ठ अस्पताल में वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में रहने वाले 600 कुष्ठ रोगियों के बीच नई साड़ियां एवं वस्त्र वितरित किए गए। इनमें 200 महिलाएं और 400 पुरुष शामिल थे।
इस पहल के माध्यम से संस्था ने समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का संदेश दिया। महालय के अवसर पर नए वस्त्र पाकर रोगियों के बीच भी खुशी का माहौल रहा।
वर्ष 2005 में स्थापित पूर्वाचल आनंद फाउंडेशन एक पंजीकृत गैर-लाभकारी सामाजिक संस्था है। स्थापना के बाद से ही संस्था समाज के उपेक्षित एवं असहाय बच्चों और जरूरतमंद बुजुर्गों के कल्याण के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करती आ रही है।
संस्था की ओर से बताया गया कि इस वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन समाज के सहृदय एवं समान विचारधारा वाले लोगों के आर्थिक सहयोग से किया गया। संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना, उनके जीवन में खुशियां लाना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। संस्था भविष्य में भी सामाजिक कल्याण के कार्यों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।





0 टिप्पणियाँ