जामुड़िया-दुर्गा पूजा की रोशनी और ढाक की थाप पर जब पूरा बंगाल जश्न में डूबा है, तब जामुड़िया के कुलडांगा गाँव के एक परिवार पर गहरा अंधेरा छा गया है.अष्टमी की रात से घर का इकलौता कमाने वाला युवक लापता है. दो छोटे बच्चों के साथ पत्नी आँसुओं में दिन गुज़ार रही है. जामुड़िया थाने की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
लापता युवक का नाम संदीप बाउरी उर्फ दीपू (32) है, जो जामुड़िया विधानसभा के परसिया पंचायत के कुलडांगा गाँव का रहने वाला है.
परिवार के सूत्रों के अनुसार, बीते 18 अक्टूबर, दुर्गा अष्टमी की रात संदीप मोहल्ले की दुकान पर जाने की बात कहकर घर से निकला था. उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है.
शुरुआत में परिवार ने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और सभी संभावित जगहों पर खोजबीन की. कहीं भी पता न चलने पर आखिरकार परिजनों ने जामुड़िया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
संदीप ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है, उसकी कमाई से ही पत्नी टुंपा बाउरी, एक बेटे और एक बेटी का परिवार चलता था. दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं.
पति के गायब होने से टुंपा देवी बेहद अनिश्चितता के दौर से गुजर रही हैं. पूजा के नए कपड़े तो दूर, अब दोनों बच्चों को दो वक्त का खाना खिलाने की चिंता में उनकी रातों की नींद उड़ गई है. जब मोहल्ले के पूजा पंडाल में हर कोई खुशी मना रहा है, तब उनके घर में सिर्फ रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं.
खबर मिलने पर स्थानीय नेताओं ने उनके घर जाकर परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
जाँच में जुटी पुलिस, बढ़ रहा सस्पेंस
अष्टमी की रात संदीप अचानक गायब क्यों हो गया? क्या उसे कोई बुलाकर ले गया था? या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? बताया जा रहा है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जाँच कर रही है.
पूजा के त्यौहार के दौरान एक कमाने वाले युवक के इस तरह अचानक गायब हो जाने से कुलडांगा गाँव में गहरा सस्पेंस और चिंता का माहौल है. संदीप कब लौटेगा? पूरा परिवार फिलहाल इसी सवाल का जवाब तलाश रहा है.



0 टिप्पणियाँ